अवैध कालोनियों का मकड़जाल, करोड़ों का राजस्व नुकसान


इटावा।शहर के समीपवर्ती इलाकों में अवैध कॉलोनी काटी जा रही हैं। कॉलोनी का नक्शा तथा डायवर्सन पास कराए बिना ही मनमाने तरीके से प्लाट बेचे जा रहे हैं। कॉलोनाइजर बिना पंजीयन के ही यह काम कर रहे हैं। कॉलोनाइजरों के झांसे में फंसने के बाद लोगों को कॉलोनी में सुविधा नहीं मिलती, जिससे वे परेशान होते हैं। लोगों का कहना है कि राजस्व विभाग के कर्मचारियों और प्रॉपर्टी डीलरों की साठगांठ से खेती की जमीन ओने पौने-दामों पर खरीद कर अवैध कॉलोनी काटी जा रही हैं।



    जानकारी के अनुसार अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को नगर पालिका क्षेत्र की सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इन्हें न पानी की सुविधा मिल रही और न ही बिजली की सुविधा। कॉलोनियों को पूर्ण विकसित करने का झांसा देकर आमजन को मुसीबत में डाला जा रहा है। कॉलोनियों में सड़क भी अपने ही खर्चों पर कॉलोनाइजर बनवाते हैं।सरकारी नियमों के तहत फार्म 4 के नियमों का पालन करने वाली कॉलोनी के प्लाट की कीमत अधिक हो जाती है। लोन जैसी सुविधा का लाभ भी फार्म 4 कॉलोनी के प्लाटों को मिलता है, लेकिन एक भी कॉलोनी में फार्म-4 के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।अवैध कॉलोनी बनाने का काम खुलेआम किया जा रहा है। राजस्व विभाग तथा नगरीय प्रशासन विभाग का अमला भी इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहा है।शहर के निकट कुनैरा, गौरापुरा, मानिकपुर मोड़, कचौरा रोड एवं हाइवे जैसे विभिन्न स्थानों पर  भू-कारोबारी प्लॉट काट रहे हैं।



      अवैध कॉलोनियों में एक ओर गांव के भोले-भाले लोगों को फंसाया जा रहा है, वहीं शासन को करोड़ों रुपए के राजस्व का चूना लगाया जा रहा है। राजस्व महकमा भी इनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है।शहर की सीमा से लगे क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि में ही अवैध तरीके से प्लाट काट दिए गए हैं जबकि कृषि योग्य भूमि को प्लाट के रूप में बेचने से पहले उसका परिवर्तन कराना होता है। कॉलोनाइजर बिना परिवर्तन कराए ही उसे बेच रहे हैं।



     सामाजिक कार्यकर्ता रौली यादव ने प्रोपर्टी डीलरों द्वारा बिना ले आउट पास के की जा रही प्लाटिंग की शिकायत जिला अधिकारी जितेंद्र बहादुर सिंह से की है।उन्होंने कहा कि अगर जन हित में उचित कार्यवाही नहीं की गई तो वह धरने पर बैठने के लिए मजबूर होंगे। इस मुद्दे पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि बिना ले आउट पास के प्लाटिंग करना नियमों के विरुद्ध है,अगर इस तरह से प्रोपर्टी डीलर प्लाटिंग कर रहे हैं तो हम जांच करवाकर उन पर कार्रवाई करेंगे।


Popular posts from this blog

इनामी अपराधी को मार गिराने वाले जांबाज अफसर को मिला वीरता पदक.....

झांसी की  प्रगति यादव ने जिले का  नाम रोशन किया...

शिक्षा,स्वास्थ्य सुरक्षा से बेहतर होगा बेटियों का भविष्य.....